कानोड़ सीएचसी में शराब पार्टी का विवाद, नशे में धुत डॉक्टरों ने उपनिदेशक से की बदसलूकी, मामला दर्ज
कानोड़ कस्बे स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों द्वारा देर रात शराब पार्टी करने का मामला सामने आया है। शराब के नशे में धुत डॉ. सुरेंद्र बिजारणिया और उनके कुछ सहयोगियों ने अस्पताल के उपनिदेशक डॉ. राजेश करणपुरिया के क्वार्टर में घुसकर उनके साथ बदसलूकी की और उन्हें जबरदस्ती बाहर खींच लिया। इस घटना में डॉ. करणपुरिया को गंभीर चोटें आईं।Kanod: Doctor created ruckus after drinking alcohol
बताया जा रहा है कि देर रात कुछ डॉक्टरों ने अस्पताल परिसर में शराब पार्टी की। नाइट ड्यूटी पर तैनात डॉ. सुरेंद्र बिजारणिया शराब के नशे में उपनिदेशक डॉ. राजेश करणपुरिया के क्वार्टर पहुंचे। उन्होंने डॉ. करणपुरिया को भी इस पार्टी में शामिल होने के लिए मजबूर किया, लेकिन जब डॉ. करणपुरिया ने मना किया तो विवाद बढ़ गया। इसके बाद डॉ. सुरेंद्र बिजारणिया और उनके साथियों ने गाली-गलौज करते हुए डॉ. करणपुरिया को जबरदस्ती क्वार्टर से बाहर खींच लिया। इस दौरान डॉ. करणपुरिया जमीन पर गिर पड़े और उन्हें हाथ-पैर में गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद इलाके के कई लोग मौके पर पहुंचे और फिर पुलिस थाने पहुंचे। स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकारी अस्पताल में इस तरह की शराब पार्टियां बेहद शर्मनाक हैं और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने पुलिस प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

डॉ. राजेश करणपुरिया ने इस मामले में कानोड़ थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। अपनी शिकायत में उन्होंने कहा कि डॉ. सुरेंद्र बिजारणिया नाइट ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में उनके क्वार्टर पहुंचे और उन्हें जबरदस्ती बाहर घसीट लिया। इसके साथ ही उन्होंने गाली-गलौज और बदसलूकी का भी आरोप लगाया है।Kanod: Doctor created ruckus after drinking alcohol







