चित्तौड़गढ़ के कलक्टर एवं सदर थाना को 18 फरवरी को ग्राम ओछड़ी स्थित गोदाम में यूरिया के अवैध संग्रहण की सूचना प्राप्त हुई। इस पर एक संयुक्त कार्रवाई की गई, जिसमें संयुक्त निदेशक कृषि विस्तार, जिला परिषद चित्तौड़गढ़ के निर्देश पर उर्वरक निरीक्षकों की टीम और पुलिस विभाग की टीम ने गोदाम की जांच की। chittorgarh police caught avedh urea in ochri
गोदाम का स्वामित्व सत्यनारायण जागेटिया के पास था, जिसे हरीश मीणा, निवासी जलिया, तहसील निम्बाहेड़ा को किराए पर दिया गया था। जांच के दौरान, उर्वरक नियंत्रण आदेश, 1985 और आवश्यक वस्तु अधिनियम का उल्लंघन पाया गया। इसके परिणामस्वरूप, कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने 1980 कटे यूरिया के बोरों को जब्त किया।
जब्त किए गए यूरिया के नमूने लेकर उन्हें राजकीय उर्वरक परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया। इस मामले में सदर थाना, चित्तौड़गढ़ में प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
इस कार्रवाई में संयुक्त निदेशक कृषि दिनेश कुमार जागा, कृषि अधिकारी अंशु चौधरी, ज्योति प्रकाश सिरोया, गोपाल लाल धाकड़, डॉ. शिवांगी जोशी, कृषि पर्यवेक्षक महेंद्र कुमार यादव और सदर थाना पुलिस उप निरीक्षक हिम्मत सिंह सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।







